छोलिया नृत्य और लोकगीतों की रही धूम, छात्र-छात्राओं ने दी पहाड़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुति–
गोपेश्वर, 27 मार्च 2026: नगर क्षेत्र में स्थित सुबोध प्रेम विद्या मंदिर इंटर कॉलेज गोपेश्वर का दो दिवसीय वार्षिकोत्सव समारोह शुक्रवार से शुरू हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत और विद्यालय के संस्थापक राकेश गैरोला ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया।
समारोह में विद्यालय की शिक्षिका सुशीला भट्ट ने विद्यालय स्थापना से लेकर अब तक की शैक्षिक उपलब्धियों के साथ ही विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने लोक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी। छात्राओं ने पहाड़ी नृत्य, छोलिया नृत्य, अंग्रेजी नाटक, एकल गायन, काव्य पाठ और राजस्थानी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। इस मौके पर पीजी कॉलेज के बीएड विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार जायसवाल, डॉ. एसपी बहुगुणा, सभासद दीपक बिष्ट, नवल भट्ट के साथ ही कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।


