तहसील परिसर में गरजे ग्रामीण, उक्रांद कार्यकर्ताओं ने भी दिया साथ, सीएम को भेजा ज्ञापन–
देवाल के बमोटिया गांव में वन विभाग की अतिक्रमण हटाओ की कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों के साथ मिलकर उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
बता दें कि बीते 16 मार्च को वन विभाग द्वारा देवाल के बमोटिया में वन भूमि में बन रहे एक मकान को ध्वस्त कर लिया गया। वन विभाग की कार्रवाई से गुस्साए ग्रामीण उक्रांद कार्यकर्ताओं के साथ मंगलवार को जुलूस की शक्ल में तहसील परिसर में पहुंचे। यहां ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने विभागीय कार्रवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बमोटिया गांव के रमेश राम का कहना है कि उनका परिवार बीते कई सालों से यहां निवास कर रहा है। इतना ही नहीं प्राथमिक विद्यालय भवन और आंगनबाड़ी केंद्र भी यहीं पर संचालित होता है। मगर वन विभाग की कार्रवाई सिर्फ उनके मकानों तक की जा रही है।
जो कि सरासर गलत है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के नाम पर उनके मकानों को तोड़ा जा रहा है। उनके परिवार बेसहारा हो चुके हैं। प्रभावितों ने कहा कि बिना नोटिस के उनके मकान को वनकर्मी तोड़ रहे हैं और उनको छत विहीन किया जा रहा है। राज्य आंदोलनकारी व उक्रांद नेता भूपाल सिंह गुसाईं व दल के ब्लॉक अध्यक्ष पृथ्वी सिंह नेगी ने वन विभाग की कार्रवाई को गलत ठहराया है।
कहा कि देश आजादी के समय से लोग यहां निवास कर रहे हैं। उन्हें इस भूमि का मालिकाना हक देने के साथ ही पट्टे दिए जाएं। कहा कि ग्रामीणों को परेशान किया गया तो आगे भी संघर्ष जारी रखा जाएगा।


