एक झटके में उजड़ गया भेड़पालकों का सहारा, बारिश के बीच हुआ हादसा, क्षेत्र में मचा हड़कंप–
चमोली, 04 मई 2026: चमोली जनपद के निजमुला घाटी में भेड़पालकों को भारी नुकसान हुआ है। यहां आकाशीय बिजली गिरने से सैकड़ों बकरियों की मृत्यु हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने इसकी पुष्टि की ह। घाटी के गौणाभनालीतोक में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक दर्जन से अधिक भेड़पालकों की करीब 500 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस घटना में राकेश सिंह, हुकम सिंह और मदन लाल सहित कई भेड़पालकों को लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है। अचानक हुए इस हादसे से प्रभावित परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में मायूसी का माहौल है।
पीड़ित पशुपालकों का कहना है कि एक झटके में उनकी सालों की मेहनत खत्म हो गई, जिससे अब उनके सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है।
उल्लेखनीय है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा 03, 04 और 05 मई 2026 के लिए चमोली जनपद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया था। इस अवधि में ओलावृष्टि, तेज बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई थी। देर रात से जिले में मौसम खराब बना हुआ है और हल्की बारिश भी जारी है, जिसके बीच यह हादसा हुआ।भेड़पालकों ने जिला प्रशासन से नुकसान का आकलन कर शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
चमाेली जनपद में निजमुला घाटी भेड़ पालन का सबसे बड़ा क्षेत्र है। यहां ग्रामीणों का यह मुख्य आजीविका का स्रोत भी है। लोग अपने भेड़-बकरियों को चरान के लिए जंगल और बुग्याल क्षेत्र में भेज देते हैं। आकाशीय बिजली गिरने से मरी बकरियाें से भेड़पालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो गया है। इस घटना से घाटी में हड़कंप मच गया है।

