गोपेश्वर-घिंघराण और नंदप्रयाग-देवखाल सड़कबाधित होने से छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को आने-जाने में हो रही परेशानी–
गोपेश्वर, 22 अगस्त 2026: चमोली जनपद में भूस्खलन और भूधंसाव से 13 सड़कें बाधित हैं। इससे लोगों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी आबादी को जोड़ने वाली गोपेश्वर-घिंघराण और नंदप्रयाग-देवखाल सड़कें भी पिछले एक सप्ताह से बंद पड़ी हैं।
समाजसेवी सुधीर रावत, राज सिंह और कांग्रेस जिला प्रवक्ता तेजवीर कंडेरी ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग और पीएमजीएसवाई की ओर से बंद सड़कों को खोलने में शिथिलता बरती जा रही है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़कों को यातायात के लिए सुचारु करने की मांग की।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि शनिवार को भूस्खलन के कारण जिले में 21 सड़कें बाधित हुई थीं। इनमें से आठ सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। शेष 13 बंद सड़कों को भी जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।

