मोहनखाल में सड़क के लिए स्थानीय लोग दे रहे धरना, समर्थन देने पहुंच रहे स्थानीय जनप्रतिनिधि–
पोखरी (चमोली), 26 अगस्त 2026: मोहनखाल-चोपता सड़क निर्माण की मांग को लेकर मोहनखाल में चल रहा धरना मंगलवार को 11वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को समर्थन देने के लिए स्थानीय लोग लगातार पहुंच रहे हैं।
सड़क संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश नेगी ने कहा कि आंदोलन के 11 दिन बाद भी सरकार आंदोलनकारियों की सुध नहीं ले रही है। यह मांग वर्षों पुरानी है। इस सड़क के बनने से पोखरी क्षेत्र पर्यटन व धार्मिक गतिविधियों से जुड़ जाएगा। ब्राह्मणथाला गांव के सामाजिक कार्यकर्ता, उक्रांद नेता और आंदोलन में शामिल देवी प्रसाद थपलियाल ने कहा कि अब सड़क के लिए आरपार की लड़ाई होगी। सभी नेताओं ने इस क्षेत्र को छलने का काम किया है। अब जनता चुप नहीं बैैठेगी। उन्होंने सरकार से जल्द-से-जल्द इस सड़क को लेकर ठोस पहल की मांग की है। इस दौरान ब्राह्मण थाला गांव के ग्राम प्रधान दीपक थपलियाल, देवेंद्र सिंह रावत, ओम प्रकाश नेगी, महादेव भट्ट, परवेंद्र सिंह, अनिल राणा, सुलोचना देवी, अनिल राणा, कल्पेश्वरानंद थपलियाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

