एम-पैक्स के पंजीकरण, मिनी बैंक ऋण व्यवस्था और पदोन्नति समेत छह सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन–
गोपेश्वर, 01 अक्टूबर 2026: एम-पैक्स सचिव एवं कर्मचारी संयुक्त संगठन उत्तराखंड के आह्वान पर बृहस्पतिवार से सहकारी कर्मचारी कलमबंदहड़ताल पर चले गए हैं। वे पैक्स सचिव एवं कर्मचारियों को सहकारिता ढांचे में शामिल करने, सभी कर्मचारियों को राज्य स्वास्थ्य योजना व गोल्डन कार्ड से जोड़ने, पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। मांगों के समर्थन में पांच अक्तूबर को निबंधक कार्यालयों में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन और हड़ताल की चेतावनी दी है।

बृहस्पतिवार को पैक्स सचिव कार्यालयों में तो पहुंचे, मगर उन्होंने काम नहीं किया। संगठन के जिलाध्यक्ष भीम सिंह नेगी और महासचिव कैलाश नेगी ने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि बीते 18 सितंबर से बैठकों, सम्मेलनों और अन्य गतिविधियों के माध्यम से आंदोलन की तैयारी की गई। एक से चार अक्तूबर तक कलमबंदहड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो निबंधक कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

