जनसमस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश–
ज्योतिर्मठ। विकासखंड ज्योतिर्मठ के ब्लॉक सभागार में बृहस्पतिवार को क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक हुई। ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनसमस्याओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में पिछली बीडीसी बैठकों में पारित 175 प्रस्तावों और शिकायतों पर हुई कार्रवाई की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। सीडीओ ने संबंधित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर जनप्रतिनिधियों की संतुष्टि और सहमति भी जानी। उन्होंने वर्तमान बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास से संबंधित 300 से अधिक प्रस्ताव रखे। अधिकारियों ने प्रकरणों पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी दी। सीडीओ ने शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर स्पष्ट अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गुड्डी देवी, कनिष्ठ प्रमुख नरेश चंद्र, जिला पंचायत सदस्य रमा राणा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

