चट्टानी भाग में पांव फिसलने से खाई में जा गिरी महिला, गंभीर रुप से घायल—-
नारायणबगड़ क्षेत्र में जंगल मेंचारापत्ती लेने गई ग्राम पंचायत कौब के भुलियाड़ा गांव की विमला देवी पत्नी विनोद कुमार, उम्र 34 वर्ष, गांव के समीप ही घटगाड़ खडौना तोक के जंगल में चारापत्ती लेने गई थी। घास काटते समय अचानक महिला का पैर चट्टान पर से फिसल गया और वह नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
इस दुर्घटना में महिला बुरी तरह घायल हो गई। यह संयोग ही था कि महिला चट्टान से गिरने के बाद झाड़ियों में अटक गई, जिससे वह गहरी खाई में गिरने से बच गई। विमला अकेले ही जंगल में चारापत्ती लेने गई थी। उसने फोन से अपने गिरने की सूचना परिजनों को दी। जिस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे झाड़ियों से उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में भर्ती कराया गया। महिला के हाथ, पांव और कमर में गहरी चोटें आई हैं। घुटने में गहरा घाव हो गया है।

