बधाणीताल में दो दिवसीय पर्यटन एवंं बैशाखी मेला हुआ शुरू, सीएम ने कहा बधाणीताल में बनेगा भव्य पर्यटक आवास गृह-
– जखोलीः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को पर्यटक स्थल बधाणीताल में दो दिवसीय पर्यटन एवं बैशाखी मेले का शुभारंभ किया। सीएम ने बधाणीताल में पर्यटक आवास गृह बनाने, बधाणीताल का सौन्दर्यीकरण करने और बरसिर बधाणीताल मोटर मार्ग को हॉट मिक्स बनाने की घोषणा की. इस दौरान मेला समिति ने सीएम धामी को चांदी का मुकुट पहनाया। मुख्यमंत्री बधाणीताल में दोपहर दो बजे पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हमारे पौराणिक मेले, तीज और त्यौहारों को निरंतर भव्य ढंग से आयोजित करने के लिए सरकार संकल्पबद्घ है.
सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास लेकर आने वाले पांच सालों में बेहतर कार्य करेंगी ताकि जनता की अधिक से अधिक समस्याएं हल हो सके और पहाड़ी राज्य आत्मनिर्भर बने. मुख्यमंत्री ने बरसिर से बधाणीताल तक मोटर मार्ग के हॉट मिक्स करने, बधाणीताल में पर्यटक आवास गृह बनाने और यहां का सौन्दर्यीकरण करने की घोषणा की. साथ ही राइंका भीरी का नाम शहीद मुरलीधर के नाम से रखने, जग्गी मोहनखाल मोटर मार्ग का नाम शहीद फते सिंह के नाम से करने, व्यूंग से मैंखडा सड़क स्वीकृत करने की भी घोषणा की.
इस मौके पर रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, वाचस्पति सेमवाल, ब्लॉक प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल, क्षेपंस भूपेंद्र भंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश्वरी देवी, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र जोशी, महावीर पंवार, गंभीर सिंह बिष्ट, सुरेंद्र रावत, ओमप्रकाश बहुगुणा, कुलेंद्र राणा, विक्रम कंडारी, गिरविर बिष्ट, शशि नेगी, सुनीता जोशी, सम्पूर्णानंद सेमवाल, मेहवान सिंह, सतीश सेमवाल, जिलाधिकारी मनुज गोयल, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, एसडीएम अर्पणा ढौंडियाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।


