आवासीय मकानों के इर्द-गिर्द से हो रहा भूस्खलन, बारिश होने पर रातभर सो नहीं पा रहे ग्रामीण–
पोखरीः ग्राम पंचायत किणजाणी में 11 जुलाई की रात्रि को हुई भारी बारिश से भूस्खलन होना शुरू हो गया है। गांव के रणजीत सिंह, फगुणी देवी और शंकर सिंह के आवासीय मकानों के समीप भूमि पर भूस्खलन हो गया है। फगुणी देवी के मकान के ऊपरी हिस्से से भी भूस्खलन हो रहा है। यहां पर शंकर सिंह की गौशाला भी मलबे की चपेट में आ गई है। प्रभावित परिवारों ने उपजिलाधिकारी ऊखीमठ को ज्ञापन भेजकर शीघ्र भूस्खलन का मौका मुआयना कर प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने और भूस्खलन का सुधारीकरण कार्य करने की मांग की है।
किणजाणी गांव में 250 से अधिक परिवार निवास करते हैं। गांव के अन्य क्षेत्रों में भी भूस्खलन हो रहा है, जिससे कृषि योग्य भूमि को नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भारी बारिश होने पर भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। ग्राम प्रधान महेंद्र सिंह बिष्ट और चरण सिंह बिष्ट ने बताया कि गांव में जिस क्षेत्र में भूस्खलन हो रहा है, वहां कई आवासीय मकानें हैं। यदि समय पर भूस्खलन की रोकथाम नहीं की गई तो अन्य मकानों को भी खतरा हो सकता है। उन्होंने शीघ्र राजस्व विभाग से गांव में क्षति का निरीक्षण करने की मांग की है।


