सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा-आने वाले 25 साल देश का अमृत काल होगा–
गोपेश्वरः चीन सीमा क्षेत्र में स्थित सीमांत गांव मलारी में बुधवार को आयोजित हर घर तिरंगा कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। सीएम धामी ने कहा कि आगामी 25 साल देश का अमृत काल होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश शक्तिशाली और गौरवशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। मलारी में भारतीय सेना, आईटीबीपी, सीमा सड़क संगठन (शिवालिक) के जवानों और सीमांत गांवों के लोगों ने हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान, शान और अभिमान है। इस दौरान सीमांत गांवों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु की कामना की।
पहली बार सीमांत क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आने पर उन्हें अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न भेंट किए और पारंपरिक पौणा नृत्य से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां के भौगौलिक परीस्थितियों के हिसाब से विकास योजनाएं बनाई जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में भी बताया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुनते हुए मलारी में इंद्रामणि मंदिर के जीर्णोद्धार, शिवालय मंदिर मार्ग और कागा से गरपक तक सड़क मार्ग के सुधारीकरण का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कैलाशपुर, महरगांव, कोषा, द्रोणागिरी, नीती, बांपा, गमशाली, फरकिया, झेलम, जुम्मा, कागा, गरपक, मलारी के लोग शामिल हुए। इस दौरान जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष पुष्कर सिंह राणा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तारा दत्त थपलियाल, प्रदेश उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, नवल भट्ट, नीती घाटी नंदादेवी समिति के अध्यक्ष डा. मान सिंह राणा, मलारी के प्रधान मंगल सिंह राणा के साथ ही सेना के अधिकारी व जवान मौजूद रहे।


