यहां विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती के लिए आंदोलन की तैयारी में अभिभावक–
गोपेश्वरः चमोली जनपद के विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है। कहीं शिक्षकों की तैनाती के लिए आंदोलन चल रहा है, तो कहीं आंदोलन की तैयारी चल रही है। नंदानगर विकास खंड के राजकीय इंटर कॉलेज चौनघाट में शिक्षकों की तैनाती, स्थाई प्रधानाचार्य की नियुक्ति करने और कर्मचारियों के रिक्त पदों को भरने की मांग पर ग्रामीणों का बस स्टेशन पर क्रमिक अनशन बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। ग्रामीणों ने कहा कि जब तक विद्यालय में शिक्षकों की तैनाती नहीं हो जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
रामणी गांव के ग्राम प्रधान सूरज पंवार ने कहा कि जिला प्रशासन से लेकर शिक्षा निदेशालय तक शिक्षकों की तैनाती की मांग की गई, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बुधवार को त्रिलोक सिंह, हीरा सिंह, गौर सिंह, धन सिंह, पार सिंह, खुशहाल, जयवीर, मकर सिंह, राकेश, वंशीधर, जगदीश, हिम्मत सिंह क्रमिक अनशन पर बैठे।
इधर, दशोली विकास खंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय लासी, प्राथमिक विद्यालय नवा सेमडुंग्रा और कन्या जूनियर हाईस्कूल सेमडुंग्रा में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शनिवार 13 अगस्त से आंदोलन की चेतावनी दी है। लासी के ग्राम प्रधान नयन सिंह कुंवर की ओर से इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया गया है। वह कई बार इस संबंध में विभाग को अवगत करा चुके हैं। अब यदि 12 अगस्त तक यहां शिक्षकों की तैनाती नहीं की जाती है तो 13 अगस्त शनिवार से सभी अभिभावक अपने बच्चों सहित व जनप्रतिनिधि अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे।


