संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश, कहा- प्रतिष्ठानों में रेट लिस्ट करें चस्पा, कई अन्य निर्देश भी दिए —
गोपेश्वर: संयुक्त मजिस्ट्रेट व एसडीएम चमोली डॉ. दीपक सैनी ने चारधाम यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों की दुकानों में सामग्री उचित रेट पर बेचने के लिए व्यापारियों को निर्देश जारी किए हैं।
मंगलवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी ने होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ ही व्यापारियों के साथ बैठक की। उन्होंने चमोली, नंदप्रयाग और पीपलकोटी यात्रा पड़ावों के व्यापारियों को आदेश जारी कर प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री ओवर रेट पर न बेचने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम ने कहा कि ओवर रेट सामग्री बेचने की शिकायत पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रतिष्ठानों में आवश्यक रुप से रेट लिस्ट चस्पा करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
कहा कि इन दिनों बरसात सीजन चल रहा है, जिससे बदरीनाथ हाईवे कई जगहों पर बाधित हो रहा है, जिससे तीर्थयात्री जगह-जगह होटलों में ठहरने के लिए पहुंच रहे हैं, लिहाजा रेट से अधिक किराया वसूलने पर भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


