23 उपाध्यक्ष और 38 सचिव सहित अन्य पदों पर की गई नियुक्ति, जंबो टीम हुई तैयार, लोकसभा व निकाय चुनाव की तैयारी शुरू–
गोपेश्वर: कांग्रेस पार्टी ने चमोली जिला कार्यकारिणी का गठन करते हुए 99 सदस्यों को विभिन्न पदों पर दायित्व सौंपे हैं। जिसमें सर्वाधिक सचिव पद पर 38 और उपाध्यक्ष पद पर 23 सदस्यों को नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस जिला मुख्यालय प्रभारी आनंद सिंह पंवार ने पत्रकार वार्ता में बताया कि जिलाध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के अनुमोदन के बाद जिले की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिसमें 23 उपाध्यक्ष, पांच कार्यकारिणी महासचिव 19 महामंत्री, 38 सचिव, सात प्रवक्ता, एक कोषाध्यक्ष, पांच सोशल मीडिया प्रभारी सहित 99 सदस्यों की कार्यकारिणी बनाई गई है। जिले के विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत सदस्य, नगर पंचायत/नगर पालिका अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्यों, पीसीसी सदस्यों, अनुशांगिक संगठनों के जिलाध्यक्षों व वरिष्ठ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस दौरान नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष भगत कनियाल, जिला महासचिव मीडिया प्रबंधन संदीप झिंक्वाण, जिला सचिव मनमोहन ओली का माला पहनाकर स्वागत किया गया।
वार्ता के दौरान नगर अध्यक्ष योगेंद्र बिष्ट, पीसीसी सदस्य अरविंद नेगी, अनिल कठैत, जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस ऊषा रावत, दीवान बिष्ट आदि मौजूद रहे। अब पार्टी लोकसभा और निकाय चुनाव की तैयारियों में जुट गई है। शीर्ष पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श किया।