ग्राम पंचायत पगना में भी शराब पर पूर्ण प्रतिबंंध, महिलाओं ने कहा शादियों में राशन नहीं जितना लग रहा शराब–
चमाेली, 28 फरवरी 2026: चमोली जनपद के गांव-गांव में महिलाओं ने शराब के विरोध में मोर्चा संभाल दिया है। जोशीमठ, दशोली, नंदानगर, पोखरी, कर्णप्रयाग, नारायणबगड़, थराली, देवाल के साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में शराब बंदी को लेकर महिलाएं मुखर हो रही हैं। अब नंदानगर के ग्राम पंचायत पगना गांव की महिलाओं ने भी ग्राम पंचायत में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि शादी समारोह के साथ ही अन्य सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने पर संबंधित परिवार पर 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा और शराब पीकर गांव में आने व माहौल बिगाड़ने पर संबंधित व्यक्ति पर 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा।
गांव में हुई सार्वजनिक बैठक में महिलाओं ने एकस्वर में कहा कि गांव में शराब को पूर्ण प्रतिबंधित किया जाएगा। शराब पीने और पिलाने वाले परिवार व व्यक्ति से सख्ती से निपटा जाएगा। जरुरत पड़े तो इस कार्य में प्रशासन का सहयोग भी लिया जाएगा।
ग्राम प्रधान रमेश चंद्र खनेड़ा और महिला मंगल दल अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि शराब के बढ़ते प्रचलन से लोगों के घर उजड़ रहे हैं। नई पीढ़ी भी शराब के सेवन से बर्बाद हो रही है। समय रहते जनता सचेत नहीं हुई तो भविष्य में इसके गंभीर परिणाम सामने आएंगे। कहा गया कि शादी के साथ ही अन्य समारोह में खाद्य सामग्री के साथ ही शराब की भी अलग से व्यवस्था करने का रिवाज चल रहा है। यह गलत परंपरा है। इसे बदलना होगा।
क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रदीप कुमार ने महिला मंगल दल की ओर से लिए निर्णय का पूरा सहयोग करने की बात कही। कहा कि गांव में नई शुरूआत हुई है। इस मौके पर पूर्व प्रधान दीपा देवी, ममता देवी, विनीता, पूजा, आशा, महेशी देवी, सुशीला देवी, हरमा देवी, सुमन, पूर्व प्रधान धीरज राणा, जगमोहन सिंह, मातवर, दिगंबर, सोभन सिंह, विक्रम, अर्जुन, रमेश लाल, दिनेश के साथ ही कई लोग मौजूद रहे।
चमाेली: शादी ब्याह में शराब परोसी तो 50 हजार और पीकर आए तो देना होगा 20 हजार जुर्माना–


