माणा, बदरीनाथ और बामणी गांव में ग्रामीणों से किया संवाद, स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का दिया भरोसा–
गोपेश्वर, 08 अगस्त 2026: उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत दल के कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से संवाद कर रहे हैं और क्षेत्र की समस्याओं को समझने के साथ उनके समाधान के लिए संघर्ष करने का भरोसा दे रहे हैं।
श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एवं उक्रांद नेता डॉ. उदय सिंह रावत के नेतृत्व में दल के कार्यकर्ताओं ने देश के प्रथम गांव माणा, बदरीनाथ और बामणी गांव में ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड क्रांति दल की विचारधारा, राज्य के विकास और स्थानीय हितों से जुड़े मुद्दों पर लोगों से चर्चा की। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से दल को समर्थन देने की अपील भी की।
डॉ. उदय सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल राज्य के जनभावनाओं से निकला राजनीतिक संगठन है, जिसने हमेशा पहाड़ के हितों और स्थानीय लोगों के अधिकारों की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों को समझते हुए विकास की ठोस नीति जरूरी है। पलायन, रोजगार, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े स्थानीय मुद्दों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उक्रांद जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुन रहा है और इन मुद्दों को लेकर आगे भी लगातार संघर्ष करेगा। उन्होंने स्थानीय लोगों से क्षेत्र के हित में उत्तराखंड क्रांति दल को मजबूत करने का आह्वान किया।

