नंदप्रयाग-घाट में पिटाई के दावे पर मांगे प्रमाण, कांग्रेस से भी जैनी प्रकरण पर रुख स्पष्ट करने को कहा–
गोपेश्वर, 11 नवंबर 2026: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की ओर से नंदप्रयाग-घाट में स्थानीय लोगों द्वारा पिटाई किए जाने संबंधी बयान पर भाजपा नेता रघुबीर सिंह बिष्ट ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हरक सिंह रावत से इस दावे के प्रमाण सार्वजनिक करने की मांग की। साथ ही कहा कि दूसरों को राजनीतिक मर्यादा और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाने से पहले हरक सिंह रावत को जैनी प्रकरण में अपने ऊपर लगे गंभीर आरोपों पर भी जवाब देना चाहिए।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुबीर सिंह बिष्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध के नाम पर किसी वरिष्ठ जननेता की प्रतिष्ठा को निशाना बनाना और बिना प्रमाण गंभीर दावे करना स्वस्थ राजनीति नहीं है। यदि हरक सिंह रावत के पास महेंद्र भट्ट की पिटाई किए जाने का कोई प्रमाण है तो उसे सार्वजनिक करें, अन्यथा अपने बयान पर स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में नेताओं के बयानों की जिम्मेदारी होती है और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही कोई बात कहनी चाहिए।
बिष्ट ने कहा कि वर्तमान में जैनी प्रकरण उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय है। असम से उत्तराखंड पहुंचीं जैनी ने वर्ष 2003 के घटनाक्रम को लेकर हरक सिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने तत्कालीन पुलिस कार्रवाई, अपने साथ हुए कथित व्यवहार और मामले को समाप्त किए जाने की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। जैनी ने अपने बेटे का डीएनए परीक्षण नहीं कराए जाने का आरोप लगाते हुए अब न्याय की मांग की है और डीएनए जांच के लिए सहमति भी जताई है।
बिष्ट ने कहा कि मामला संवेदनशील है और इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी व समयबद्ध जांच होनी चाहिए। यदि हरक सिंह रावत स्वयं को निर्दोष मानते हैं तो उन्हें जांच में पूरा सहयोग करना चाहिए और डीएनए परीक्षण सहित कानूनी रूप से अनुमन्य जांचों को लेकर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल से भी सवाल किया कि कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण में महिला सम्मान और न्याय की बात करती रही है, ऐसे में पार्टी के वरिष्ठ नेता पर जैनी की ओर से लगाए गए गंभीर आरोपों पर उसका क्या रुख है? कांग्रेस को इस मामले में भी अपना आधिकारिक पक्ष रखते हुए निष्पक्ष जांच की मांग करनी चाहिए।
बिष्ट ने कहा कि महिला सम्मान किसी राजनीतिक दल की सुविधा या राजनीतिक लाभ का विषय नहीं होना चाहिए। एक ओर महिला सम्मान के नाम पर आंदोलन करना और दूसरी ओर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता पर गंभीर आरोप लगने के बाद चुप्पी साधना राजनीतिक नैतिकता पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि हरक सिंह रावत कभी मुख्यमंत्री तो कभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं पर बयान देते रहते हैं। लेकिन राजनीतिक पद और अनुभव के साथ जिम्मेदारी भी बढ़ती है। जनता नेताओं से व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप के बजाय विकास, जनहित और मर्यादित आचरण की अपेक्षा करती है।
बिष्ट ने दो टूक कहा कि हरक सिंह रावत को महेंद्र भट्ट पर लगाए गए आरोपों के प्रमाण देने चाहिए और जैनी प्रकरण में उठ रहे सवालों का भी जवाब देना चाहिए। उत्तराखंड की राजनीति में व्यक्तिगत आरोपों और अनर्गल बयानबाजी के बजाय पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच और जवाबदेही को प्राथमिकता मिलनी चाहिए।

