आग बुझाने के बाद ठूंठों से आ रहे धुएं को देखने जंगल गई थी वन विभाग और ग्रामीणों की टीम–
चमोलीः नंदानगर विकासखंड के लांखी गांव के जंगल में रविवार को आग बुझाने गई वन विभाग की टीम में शामिल वन दरोगा उमराव सिंह नेगी घायल हो गए। उनके गर्दन पर पत्थर लगने से गर्दन में सूजन आ गई है।
नंदानगर के पास लांखी गांव के जंगल में शनिवार को सुबह अचानक आग लग गई थी। जिसे वन विभाग की टीम ने देर शाम तक बुझा लिया था। रविवार को फिर से क्षेत्र में धुंआ उठ रहा था। आग को बुझाने के लिए फिर से अलकनंदा वन प्रभाग और बदरीनाथ वन प्रभाग की संयुक्त टीम वन सरपंच गुड्डू लाल, पूर्व सरपंच खिलाफ सिंह, महावीर सिंह, डिप्टी रेंजर बचन सिंह राणा, दैनिक श्रमिक कुताल सिंह के साथ ही फायर वाचर और महिला, पुरुषों के साथ मौके पर पहुंची।
जंगल में देखा तो वहां आग तो बुझी थी, लेकिन पेड़ों के ठूंठ जल रहे थे। जिनसे जंगल में फिर से आग लगने की आशंका थी। वन कर्मियों और ग्रामीणों ने मिट्टी और पानी डालकर ठूठों से आग बुझाई। इसी दौरान पहाड़ी से छिटके पत्थर बदरीनाथ वन प्रभाग के दरोगा उमराव सिंह नेगी की गर्दन पर लग गया। जिससे वह घायल हो गए। वन दरोगा को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। टीम लीडर वन दरोगा बुद्धि बल्लभ जोशी ने बताया कि आग बुझाते समय चट्टान से पत्थर गिर रहे थे। इसी दौरान एक पत्थर छिटककर वन दरोगा उमराव सिंह की गर्दन पर आ गिरा। उन्होंने बताया कि आग लगने से चट्टानी भाग में पत्थर छिटक रहे हैं। अब जंगल में आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया है।

