सड़क न होने से दस किलोमीटर पैदल चलते थे ग्रामीण–
— चमोली जनपद में आज भी कई ऐसे गांव हैं, जहां सड़क न होने से ग्रामीण मीलों दूरी पैदल नापने को मजबूर हैं, अब धीरे-धीरे दूरस्थ गांव भी सड़क से जुड़ने लगे हैं. पोखरी विकास खंड का थाला बैड़ गांव सड़क से जुड़ा तो पहली बार यहां बस पहुंची. तो ग्रामीणों ने बस के चालक व परिचालक का फूल मालाओं से स्वागत किया. थाला बैड़ गांव के ग्रामीण अभी तक पोखरी तक जाने के लिए भी करीब दस किलोमीटर की पैदल दूरी नापते थे.
ग्राम प्रधान रमेश लाल और महिला मंगल दल अध्यक्ष कुसमा देवी ने बताया कि गांव में पोखरी-वल्ली खन्नी-थाला बैड़ सड़क के निर्माण से उन्हें पैदल दूरी नापने से मुक्ति मिली है. उन्होंने बताया कि मोहनखाल और थली में वाहन न मिलने के कारण उन्हें पोखरी बाजार तक जाने के लिए भी करीब दस किलोमीटर की पैदल दूरी नापनी पड़ती थी, अब वाहन में बैठकर अपने गंतव्य को जाएंगे। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक व जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है। ग्राम प्रधान व महिला मंगल दल की अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीणों के संघर्षों के बाद हमें सड़क की सुविधा मिली है.


