बदरीनाथ हाईवे के चौड़ीकरण के तहत हो रही थी गडोरा रोड की कटिंग, ग्रामीणों ने किया विरोध–
पीपलकोटीः बदरीनाथ हाईवे पर पीपलकोटी के समीप ग्रामीण क्षेत्र के लिए जा रही गडोरा-किरुली-श्रीकोट सड़क के कटिंग के लिए पहुंचे एनएच के अधिकारियों को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बैरंग लौटा दिया, एनएच गडोरा रोड के शुरूआत में सड़क की हिल कटिंग कर इसका समरेखण बदलने की योजना बना रहा था, लेकिन ग्रामीणों के विरोध के चलते एनएच ने अब हाईवे का समतलीकरण करने की योजना बनाई है. गडोरा रोड शुरूआत से करीब 15 किलोमीटर है,
यह सड़क राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज गडोरा के साथ ही ग्राम पंचायत गडोरा, किरुली, ल्वांह, दिगोली और श्रीकोट गांव को यातायात से जोड़ती है, एनएचआईडीसीएल सड़क के शुरूआत में कटिंग कर इसका हेड बदलने की योजना बना रहे थे, जिससे हाईवे का चौड़ीकरण कार्य किया जा सके, लेकिन नगर पंचायत अध्यक्ष व स्थानीय निवासी रमेश बंडवाल, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या हटवाल, बंड विका संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, सामाजिक कार्यकर्ता गजेंद्र राणा, हरीश पुरोहित सहित स्थानीय महिलाओं ने इसका विरोध किया, उन्होंने कहा कि यदि सड़क का समरेखण बदला गया था, सड़क की तीखी चढ़ाई पर वाहन नहीं जा सकेंगे और फंस जाएंगे, लिहाजा सड़क को यथावत रहने दिया जाए, ग्रामीणों ने एनएच की मशीनों और अधिकारियों को बैरंग लौटा दिया.


