पीआरडी जवान गंभीर घायल, एम्स रेफर–
रुद्रप्रयागः सोनप्रयाग में एक पुलिस जवान ने पीआरडी जवान की जमकर पिटाई कर उसके सिर पर हेलमेट मार दिया, जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस जवान को निलंबित कर दिया है। इधर, घटना के बाद से पीआरडी जवानों में आक्रोश है। उन्होंने यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार कर दिया है। मामला बुधवार रात का है। केदारनाथ यात्रा के मुख्य पड़ाव सोनप्रयाग में देर रात को पुलिस कांस्टेबल दीपक और पीआरडी जवान शूरवीर की किसी बात को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते दोनों में हाथापाई शुरू हो गई।
वहां मौजूद अन्य पुलिस कर्मी बीच बचाव के लिए भी गए, लेकिन उनमें हाथापाई जारी रही। दोनों में खूब डंडे और लात-धूंसे चले। इसी दौरान पुलिस जवान ने पीआरडी जवान के सिर पर हेलमेट का जोरदार प्रहार किया। जिससे उसके सिर व कान से खून बहने लगा और वह जमीन पर जा गिरा।
घायल को सोनप्रयाग अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बृहस्पतिवार को घायल को एम्स ऋषिकेश में भर्ती किया गया है। घटना के बाद पीआरडी जवानों ने केदारघाटी समेत भीमबली तक यात्रा ड्यूटी का बहिष्कार किया। पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस जवान को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों शराब के नशे में धुत्त थे।


