बुडाकठा तोक से हो रहा भूस्खलन, मकानों को खतरा–
गोपेश्वरः पोखरी विकास खंड के ब्राह्मणथाला गांव के ग्रामीण बारिश होने पर रात को सो नहीं पा रहे हैं। यहां बुडाकठा तोक से भूस्खलन हो रहा है। मोहनखाल-थाला सड़क की कटिंग के बाद से यहां भूस्खलन शुरू हो गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि बिना उनकी सहमति के सड़क का समरेखण गलत ढंग से किया गया है। जिससे भूस्खलन का खतरा बढ़ा है। ग्रामीण ओम प्रकाश थपलियाल का कहना है कि ठीक आवासीय मकान के शीर्ष भाग पर सड़क का बैंड काटा गया है। यहां कभी भूस्खलन नहीं होता था, लेकिन सड़क निर्माण होने के बाद उपजाऊ भूमि भी नष्ट हो गई है। साथ ही भूस्खलन के मलबे से घरों को भी खतरा बना हुआ है। बारिश होने पर ग्रामीण रात को सो भी नहीं पा रहे हैं। ब्राह्मणथाला गांव के दो परिवारों को सबसे अधिक खतरा है। इन मकानों के शीर्ष भाग से सड़क की कटिंग हुई है।
इधर, पीएमजीएसवाई के ईई परशुराम चमोली का कहना है कि वे स्वयं मौके पर जाकर भूस्खनल का निरीक्षण करेंगे। भूस्खलन क्षेत्र में सुरक्षा के उपाय किए जाएंगे। इधर, प्रभावित परिवारों ने शीघ्र सड़क के दोनों ओर से दीवार निर्माण और भूमि सुधार कार्य करवाए जाने की मांग की है।


