जवानों की सुरक्षा की कामना भगवान बदरीनाथ से की, जवानों ने बहनों को बांटे उपहार–
बदरीनाथः देश के अंतिम गांव में रक्षा बंधन पर्व पर माणा गांव की महिलाओं ने रक्षाबंधन पर भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के जवानों को रक्षा सूत्र बांधा। उन्होंने जवानों की सुरक्षा के लिए भगवान बदरीविशाल से कामना की।
इस दौरान आईटीबीपी के अधिकारियों ने महिलाओं को उपहार भी भेंट किए और मिष्ठान वितरण किया गया। भगवान बदरीनाथ और बदरीनाथ के क्षेत्रपाल घंटाकर्ण मंदिर में विशेष पूजा आयोजित करने के बाद रक्षा बंधन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अपने पारंपरिक परिधान में पहुंची महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी। भगवान घंटाकर्ण के मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना भी आयोजित की गई। इस दौरान आईटीबीपी के उप सेनानी अखिलेश ठाकुर, सहायक सेनानी वैभव मिश्रा, माणा गांव के प्रधान पीतांबर मोल्फा सहित अन्य जवान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ग्राम प्रधान पीतांबर मोल्फा ने कहा कि भारतीय संस्कृति अनूठी है। सीमा क्षेत्र में सेना और आईटीबीपी के अधिकारी व जवानों के साथ स्थानीय ग्रामीणों का सौम्य व्यवहार बना रहता है।


