इतिहास व पुरातत्व शोध के क्षेत्र में दे रहे अपना योगदान, 33 साल तक शिक्षक के रुप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं डॉ. कठोच–
पौड़ी: प्रसिद्ध इतिहासकार डॉ. यशवंत सिंह कठोच को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पौड़ी जनपद के एकेश्वर विकासखंड के मांसों गांव के निवासी डॉ. कठोच ने 33 वर्षों से शिक्षक के रुप में अपनी सेवाएं दी हैं। वे इतिहास और पुरातत्व के क्षेत्र में लंबे समय से योगदान दे रहे हैं। डॉ. कठोच ने 1974 में आगरा विश्वविद्यालय से प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति तथा पुरातत्व विषय में विवि में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
1978 में गढ़वाल विवि के गढ़वाल हिमालय के पुरातत्व पर शोध ग्रंथ प्रस्तुत किया। विवि प्रशासन की ओर से उन्हें डीफिल की उपाधि से नवाजा गया था। डॉ. कठोच भारतीय संस्कृति, इतिहास और पुरातत्व के क्षेत्र में निरंतर शोध कर रहे हैं। वह वर्ष 1973 में स्थापित उत्तराखंड शोध संस्थान के संस्थापक सदस्य हैं। उनकी मध्य हिमालय का पुरातत्व, उत्तराखंड की सैन्य परंपरा, संस्कृति के पद चिन्ह, मध्य हिमालय की कला एक वास्तु शास्त्रीय अध्ययन, सिंह-भारती सहित 12 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। उनको पदमश्री दिए जाने पर इतिहासकारों, साहित्यकारों, शिक्षकों, लेखकों, लोक कलाकारों और संस्कृति कर्मियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।