गांव की महिलाओं ने जिलाधिकारी को सुनाया दुखड़ा, कहा युवा पीढ़ी आंखों के सामने ही होर रही बरबाद–
गोपेश्वर: कभी समृद्धि की मिशाल कुजौं-मैकोट क्षेत्र आज नशे की दलदल में फंसता जा रहा है। क्षेत्र में बड़ी मात्रा में शराब और भांग की तस्करी हो रही है। जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदकर ये सब देख रहे हैं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ भी नहीं होता है। युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंची क्षेत्र की महिलाओं ने जिलाधिकारी को अपना दुखड़ा सुनाया। कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब और भांग की तस्करी हो रही है। महिलाओं ने बताया कि गांव में अवैध शराब धड़ल्ले से बेची जा रही है। जिससे पूरे गांव का माहौल खराब हो रखा है। वहीं गांव में बाहर से लोग भांग पत्ती खरीदने के लिए आ रहे हैं। कुछ लोगों द्वारा यहां भांग भी बेची जा रही है।
इसको लेकर गांव में सोमवार को खुली बैठक की गई, जिसमें इस समस्या पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि गांव में अवैध शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध लगना चाहिए। सार्वजनिक कार्यों के साथ शादी समारोह में भी शराब का प्रचलन बंद हो। साथ ही बाहर से भांग खरीदने के लिए आ रहे लोगों के चलते गांव का माहौल खराब हाे रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से इसपर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने वालों में सुभागा देवी, मधु देवी, सलोनी देवी, ममता देवी, संगीता देवी, भागवती देवी, सत्येश्वरी देवी, सुशीला देवी, उर्मिला देवी, आरती, कुसुम देवी आदि महिलाएं शामिल रहीं।


