1968 में विमान हादसे में लापता हुए थे सैनिक नारायण सिंह, बर्फ में दब गया था शव–
गोपेश्वर: वर्ष 1968 में विमान हादसे में लापता हुए थराली के सैनिक नारायण सिंह का पार्थिव शरीर बरामद हो गया है। अब 56 साल बाद सैनिक का पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचाया जा रहा है। नारायण सिंह की पत्नी की मौत भी वर्ष 2011 में हो चुकी है।
चमोली के कोलपुड़ी गांव के प्रधान और शहीद नारायण सिंह के भतीजे जयवीर सिंह ने बताया कि सोमवार को सेना के अधिकारियों ने उन्हें शव मिलने की सूचना दी। जेब में मिले पर्स में एक कागज में नारायण सिंह ग्राम कोलपुड़ी और बसंती देवी नाम लिखा है। वर्दी में नेम प्लेट पर भी उनका नाम लिखा है।
सेना के अधिकारियों ने बताया कि बर्फ में शव सुरक्षित था, पर बर्फ से बाहर निकालने पर शव गलने लगा है, अब फिर बर्फ से उसे सुरक्षित किया जा रहा है। उनका डीएनए सैंपल भी लिया जा रहा है। रिकार्ड के अनुसार, नारायण सिंह सेना की मेडिकल कोर में तैनात थे, नारायण सिंह बहुत ही सौम्य स्वभाव के थे।


