कुल 473 लोगों ने विभिन्न स्टालों से उठाया सरकार की योजनाओं का लाभ, शिविर में कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुई, 32 का मौके पर हुआ निस्तारण–
ज्योतिर्मठ, 05 फरवरी 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल जन जन की सरकार-जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को न्याय पंचायत तपोवन में शिविर आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित हुए इस शिविर में आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए विभिन्न शिकायतों का निस्तारण किया गया।

शिविर में स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व, कृषि, शिक्षा, पेयजल, विद्युत, पशुपालन, आयुर्वेद, होम्योपैथिक, रीप एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान किया गया तथा आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक समाधान हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़ , राज्यमंत्री ऋषि प्रसाद सती, उपजिलाधिकारी ज्योर्तिमठ चन्द्रशेखर वशिष्ठ , सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


