20 अप्रैल तक नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण सड़क से चलेंगे रात को वाहन, पढ़ें पूरी खबर–
गोपेश्वर, 12 अप्रैल 2026: बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा करने के लिए चमोली प्रशासन ने नंदप्रयाग क्षेत्र में रात्रिकालीन यातायात पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण सड़क से करवाई जाएगी।
महाप्रबंधक, एनएचआईडीसीएलपीएमयू चमोली द्वारा भेजे गए पत्र, उपजिलाधिकारी चमोली की निरीक्षण रिपोर्ट तथा पुलिस विभाग की सूचना के अनुसार, नंदप्रयाग में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुधारीकरण कार्य तेजी से चल रहा है। लगातार वाहनों के आवागमन के कारण इस कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है।
इसी को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनहित में आदेश जारी किए हैं कि 12 अप्रैल 2026 से 20 अप्रैल 2026 (कुल 9 दिन) तक प्रतिदिन रात्रि 9:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक यातायात पूर्णतः बंद रहेगा।
इस अवधि के दौरान:
राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों को
नंदप्रयाग-सैकोट-कोठियालसैंण चमोली मोटर मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी चारधाम यात्रा 2026 को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके और यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साथ ही कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए गए हैं कि:
* निर्धारित अवधि में कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के लिए
* अतिरिक्त मशीनों और मजदूरों की संख्या बढ़ाई जाए
* और कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।


