मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के बाद प्रशासन ने बनाई व्यवस्था, होटल व्यवसायियों को भी अलग से नहीं लेनी पड़ेगीअनुमति–
गोपेश्वर, 12 अप्रैल 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जनपद चमोली में चारधाम यात्रा को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इन निर्णयों में स्थानीय नागरिकों और होटल व्यवसायियों के हितों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि बद्रीनाथ, बामणी और माणा क्षेत्र में रहने वाले स्थानीय निवासियों तथा होटल व्यवसायियों को अब बद्रीनाथ धाम में आवागमन के लिए अलग से अनुमति लेने की आवश्यकता नहीं होगी। इस फैसले से स्थानीय जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियाँ बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलती रहेंगी।
उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने जानकारी दी कि पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देशों के अनुपालन में 12 अप्रैल 2026 से थाना बद्रीनाथ का विधिवत संचालन शुरू कर दिया गया है। थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करते हुए कानून-व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
थानाध्यक्ष बद्रीनाथ धाम की जांच रिपोर्ट के आधार पर यह भी सुनिश्चित किया गया है कि स्थानीय निवासियों और होटल व्यवसायियों के नियमित आवागमन पर किसी प्रकार की पाबंदी नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनसहभागिता के साथ सफल बनाना है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है।


