रुद्रप्रयाग जनपद का था चालक, पुलिस ने रोका तो नशे में चला रहा था वाहन, गिरफ्त में लिया युवक–
ज्योतिर्मठ। नशे में वाहन चलाने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया और उसकी कार को सीज कर दिया। रविवार देर शाम कोतवाली पुलिस क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया, जिसका चालक नशे में धुत पाया गया।
पुलिस ने चालक की पहचान सौरभ सिंह नेगी, निवासी चंद्रनगर, रुद्रप्रयाग के रूप में की। जांच में उसके अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने वाहन को भी सीज कर दिया।
कोतवाली प्रभारी देवेंद्र रावत ने बताया कि आरोपी की लापरवाही से यात्रियों और आम लोगों की जान को खतरा हो सकता था। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

