बदरीनाथ हाईवे किनारे नो पार्किंग में हुड़दंग मचा रहे थे, माहौल खराब होते देख एक्शन में आई चमोली पुलिस–
पीपलकोटी 10 मई 2026: देवभूमि की मर्यादा भंग करने वालों और यात्रा मार्ग पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ चमोली पुलिस का सख्त तेवर जारी है।
कल शाम जब पुलिस अधीक्षक चमोली, सुरजीत सिंह पंवार चारधाम यात्रा की सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी पीपलकोटी के समीप एक कार (हरियाणा नंबर) नो-पार्किंग जोन में खड़ी दिखाई दी। कार के अंदर सवार युवक न केवल यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे थे, बल्कि कान फाड़ देने वाले संगीत के साथ जोर-जोर से हुड़दंग मचाकर माहौल खराब कर रहे थे।
एसपी चमोली ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया और कोतवाली चमोली को एक्शन के निर्देश दिए। कोतवाली पुलिस ने मौके पर हुड़दंग काट रहे हरियाणा निवासी 05 युवकों को गिरफ्तार कर संबंधित युवकों के विरुद्ध वैधानिक व चालानी कार्रवाई करते हुए उनके वाहन को भी मौके पर सीज कर दिया गया है।
चमोली पुलिस का स्पष्ट संदेश — “देवभूमि में आपका स्वागत है, लेकिन हुड़दंग कतई स्वीकार्य नहीं है।” चारधाम यात्रा मार्ग पर शांति भंग करने वालों और ट्रैफिक नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस की यह ‘स्ट्राइक’ आगे भी जारी रहेगी।

