30 नवंबर को प्रस्तावित महारैली में होंगे शामिल, आंदोलन में सक्रिय भागीदारी नहीं करने वाले जवानों की सूची बनाएगा संगठन–
गोपेश्वर। दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे उत्तराखंड प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हित संगठन चमोली के 257 जवान महारैली में शामिल होने के लिए देहरादून रवाना हो गए हैं। रविवार को जनपद के सभी नौ विकासखंडों से महिला और पुरुष जवान जिला अध्यक्ष करहनफरस्वाण के नेतृत्व में देहरादून के लिए रवाना हुए।
संगठन की ओर से 30 नवंबर को देहरादून में महारैली प्रस्तावित है। रविवार का अवकाश होने के बावजूद पीआरडी जवानों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखा। संगठन ने जनपद के विभिन्न कार्यालयों और विभागों में तैनात पीआरडी जवानों से आंदोलन और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि जो जवान विभिन्न कार्यालयों, संस्थानों, विद्यालयों, पॉलिटेक्निक, जिला सहकारी बैंक, नर्सिंग कॉलेज, कोषागार, तहसील और विकासखंडों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन संगठन की बैठकों और आंदोलनों में शामिल नहीं हो रहे हैं, उनकी सूची तैयार की जाएगी। इसमें कंप्यूटर ऑपरेटर, चालक, डीडीआरएफ और सीनियर पीआरडी के रूप में तैनात जवान भी शामिल होंगे।
संगठन के अनुसार कार्यकारिणी समिति के निर्णय पर नौ विकासखंडों में सचल दल भेजकर जवानों की संगठनात्मक सक्रियता की जानकारी जुटाई जाएगी। लगातार अनुपस्थित रहने वाले जवानों के खिलाफ संगठन के नियमों के तहत अर्थदंड और अन्य कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

