बेंजी गांव के मार्ग के पास हुआ हादसा, दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर–
रुद्रप्रयाग, 13 जून 2026: गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार को बेंजी गांव जाने वाले संपर्क मार्ग के समीप बुलेट मोटरसाइकिल और स्कूटी के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी वेदांत शर्मा और अभय शर्मा बुलेट मोटरसाइकिल से केदारनाथ धाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेंजी गांव के मार्ग के पास सामने से आ रही स्कूटी से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सवार दूर जा गिरे।
हादसे में स्कूटी सवार दिव्यांशु निवासी ग्राम मुसाडुंग तथा पायल निवासी ग्राम डांगी गुनाऊ, जनपद रुद्रप्रयाग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दिव्यांशु और पायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग रेफर कर दिया। वहीं, बुलेट सवार वेदांत शर्मा और अभय शर्मा का उपचार अगस्त्यमुनि अस्पताल में किया जा रहा है। चिकित्सक डॉ. शिवांशु ने बताया कि वेदांत शर्मा के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लोगों से पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।

