गोपेश्वर पुलिस मैदान में आयोजित हो रही होमगार्ड भर्ती, जोश, जज्बे के साथ पहुंच रहे अभ्यर्थी–
गोपेश्वर। पुलिस मैदान गोपेश्वर में पुरुष होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत सोमवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती के लिए निर्धारित 210 अभ्यर्थियों में से 116 ने परीक्षा में हिस्सा लिया, जबकि 88 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में 69 सफल घोषित किए गए, जबकि 47 अभ्यर्थी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतर सके।
प्रभारी कमांडेंट दीपक कुमार भट्ट ने बताया कि जनपद में होमगार्ड के 31 रिक्त पदों पर भर्ती की जा रही है, जिसके लिए कुल 1610 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों की शारीरिक क्षमता का आकलन दौड़, बॉल थ्रो और लंबी कूद जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा सोमवार को नहीं हो सकी, उनके लिए मंगलवार को शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी, ताकि सभी पंजीकृत अभ्यर्थियों को अवसर मिल सके।
भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी आरके पांडेय तथा जिला होमगार्ड कमांडेंट विजयपाल की समिति लगातार निगरानी कर रही है। समिति की देखरेख में सभी परीक्षण निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराए जा रहे हैं।

