बिरही से तीन किलोमीटर आगे सड़क पर तीन दिन से खराब पड़ी जेसीबी मशीन, पशासन मौन, परेशानी झेल रही आम जनता–
गोपेश्वर, 05 अगस्त 2026: निजमुला मोटर मार्ग पर काली चट्टान से लगातार हो रहे भूस्खलन ने क्षेत्रवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सड़क पर रह-रहकर पत्थर और मलबा गिरने से लोग रोजमर्रा के कार्यों के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। सबसे अधिक परेशानी स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों को हो रही है, जिन्हें हर दिन इसी खतरनाक मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।

गाड़ी गांव की ग्राम प्रधान मंदोदरी देवी ने जिला प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम करने की मांग की है। उनका कहना है कि काली चट्टान पर तत्काल सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएं और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
वहीं ग्राम प्रधान भगत सिंह फरस्वाण ने बताया कि इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, कर्मचारी, छात्र और अन्य लोग आवागमन करते हैं। काली चट्टान के अलावा करीब चार किलोमीटर लंबे हिस्से में कई स्थानों पर मलबा जमा होने से वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह ठप पड़ी है। लोगों को पैदल जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
प्रकाश सिंह, नवीन सिंह और सौरभ सिंह का कहना है कि बदहाल स्थिति के बावजूद लोक निर्माण विभाग और ब्रिडकुल के अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित बनाने, मलबा हटाने और यातायात जल्द बहाल कराने की मांग की है।

