मौसम विभाग के भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी ने जारी किए आदेश–
गोपेश्वर, 05 अगस्त 2026: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 6 अगस्त को चमोली जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तीव्र वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियातन जिले के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष गौरव कुमार ने बुधवार को आदेश जारी करते हुए बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 6 अगस्त को जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी चमोली तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

