15 अगस्त से मोहनखाल में शुरू होगा धरना-प्रदर्शन, सांसद व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर लगाया वायदाखिलाफी का आरोप–
गोपेश्वर, 08 अगस्त 2026: मोहनखाल-कनातोली-चोपता तुंगनाथ मोटर मार्ग को लेकर मोहनखाल क्षेत्र के लोग एक बार फिर लामबंद हो गए हैं। सड़क संघर्ष समिति ने शनिवार को बैठक कर आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की। पदाधिकारियों ने राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल पर वायदाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा गया कि पूर्व में उन्हें सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया गया था। मगर अभी तक भी इस तरफ कोई कार्रवाई न होने से लोग अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह नेगी और उपाध्यक्ष राजीव सिंह नेगी ने कहा कि अब क्षेत्रीय जनता चुप नहीं बैठेगी। सड़क के लिए तब तक आंदोलन किया जाएगा, जब तक सड़क का शासनादेश नहीं हो जाता। एलान किया गया कि आगामी 15 अगस्त से मोहनखाल में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोहनखाल से चोपता तक करीब 22 किलोमीटर सड़क पूर्व में स्वीकृत हो चुकी है।
इसमें 13 किलोमीटर हिस्से में हिल कटिंग का कार्य हुआ है, लेकिन करीब नौ किलोमीटर सड़क का निर्माण अब तक अधूरा है।
उन्होंने कहा कि सड़क नहीं होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबी दूरी पैदल तय करनी पड़ रही है। सड़क बनने से पोखरी क्षेत्र को चोपता-तुंगनाथ से जोड़ते हुए पर्यटन सर्किट का लाभ भी मिल सकता है और स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल जाएगा।
बैठक में देवी प्रसाद थपलियाल, अमरीश थपलियाल, गोविंद बल्लभ, वासुदेव सिंह बिष्ट, अमर सिंह, व्यापार संघ अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह बिष्ट और ओमप्रकाश नेगी के साथ ही कई लोग मौजूद रहे।

