बैरागना में बरसाती नाले की समस्या का मुद्दा उठा, ग्राम प्रधान सृष्टि राणा ने पुल निर्माण और बालखिला नदी के कटाव का उपचार कराने की मांग की–
गोपेश्वर, 10 अगस्त 2026: जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के समक्ष रखीं। कार्यक्रम में कुल 37 शिकायतें और समस्याएं प्राप्त हुईं। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

बैरागना की ग्राम प्रधान सृष्टि राणा ने बरसाती नाले की समस्या उठाते हुए बताया कि बारिश के दौरान नाला उफान पर आने से स्कूली बच्चों को राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचने में जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ रही है। उन्होंने सड़क पर पुल निर्माण कराने और बालखिला नदी से हो रहे भू-कटाव का उपचार कराने की मांग की। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गोपेश्वर निवासी शांति देवी ने जंगली जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान की शिकायत की। इस पर एडीएम ने मुख्य कृषि अधिकारी को क्षेत्र का स्थलीय परीक्षण कर आवश्यकतानुसार तारबाड़ की व्यवस्था करने को कहा। सैंजी निवासी बख्तारी लाल ने प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़ी समस्या रखी, जिस पर खंड विकास अधिकारी को प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए।
जोशीमठ निवासी जसवंत लाल ने मैठाणा में स्मृति गेट के पुनर्निर्माण की मांग की। वहीं खीरोलामबगड़ निवासी मीना चौहान ने आंगनबाड़ी केंद्र भवन की मरम्मत का मामला उठाया। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने और स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
गीता देवी, देवी जोशी, कुसुम देवी, सोहन लाल और राजेंद्र सिंह समेत अन्य लोगों ने भी विभिन्न समस्याएं रखीं। एडीएम ने कहा कि जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण का मौके पर परीक्षण कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

