सात दिन बाद फिर से शुरू हुआ परियोजना का काम, जांच पूरी होने तक बंद रहेगी हादसे वाली टनल–
पीपलकोटी (चमोली), 22 अगस्त 2026: अलकनंदा पर निर्माणाधीन 444 मेगावाट की विष्णुगाड-पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना (वीपीएचइपी) में टनल हादसे के सात दिन बाद शुक्रवार को 21 अगस्त से दोबारा निर्माण कार्य शुरू हो गया। परियोजना की टेल रेस टनल (टीआरटी) में 13 अगस्त को हुए भूस्खलन के बाद सभी कार्य ठप कर दिए गए थे। इन सात दिनों में परियोजना प्रबंधन को 11.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। परियोजना की जिस टनल में हादसा हुआ था, फिलहाल उस पर कोई काम नहीं होगा, जबकि अन्य कार्य शुरू कर दिए गए हैं। वीपीएचइपी
परियोजना के अधिशासी निदेशक अजय वर्मा ने बताया कि हादसे वाली टनल को छोड़कर परियोजना के सभी कार्य शुरू कर दिए गए हैं। परियोजना की एक टरबाइन से आगामी वर्ष दिसंबर में बिजली उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि 13.4 किलोमीटर लंबी मुख्य हेड रेस टनल (एचआरटी) में अब करीब 1.3 किलोमीटर निर्माण कार्य शेष है।
उन्होंने बताया कि परियोजना में करीब 3.04 किलोमीटर लंबी टीआरटी भी शामिल है। परियोजना में एक माह में करीब 50 करोड़ रुपये का काम होता है। हादसे के बाद एक सप्ताह तक काम बंद रहने से करीब 11.50 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।

