वैष्णवी, दिव्यांशु और देवराज जनपद स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित, भारतीय ऊर्जा परिदृश्य 2047 पर आयोजित हुई संगोष्ठी–
गोपेश्वर, 01 सितंबर 2026: राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) की ओर से मंगलवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर में विकासखंड स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी आयोजित की गई। भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 के तहत ‘संभावनाएं और चुनौतियां’ विषय पर बाल वैज्ञानिकों ने ऊर्जा के भविष्य और स्वच्छ ऊर्जा संक्रमण को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए।

संगोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों के 30 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। व्याख्यान से पहले 10 अंकों की वस्तुनिष्ठ लिखित परीक्षा आयोजित की गई। इसमें राजकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नैग्वाड़ की छात्रा वैष्णवी रावत ने प्रथम, राइंका गोपेश्वर के छात्र दिव्यांशु जोशी ने द्वितीय और राइंकाग्वाड़देवलधार के छात्र देवराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

ब्लॉक समन्वयक गीता डिमरी और सह समन्वयक दीवान सिंह नेगी ने बताया कि तीनों विजेता बाल वैज्ञानिक जनपद स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी में विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।
संगोष्ठी के मुख्य अतिथि राजकीय इंटर कॉलेज गोपेश्वर के प्रधानाचार्य कर्मवीर सिंह रहे।
निर्णायक की भूमिका शिक्षक मनमोहन प्रसाद खाली, सुरेंद्र सिंह रावत और ताज़वर सिंह रावत ने निभाई।
संगोष्ठी में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक आत्म प्रकाश डिमरी, प्रधानाचार्य रामकुमार थपलियाल, रेखा पाल, ललिता रावत, किरण भट्ट, रेखा कंडेरी आदि मौजूद रहे। संचालन शिक्षकतारेंद्र मनराल ने किया।

