ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, 2.50 किमी सड़क के लिए स्वीकृत 44 लाख रुपये का काम शुरू कराने की मांग–
गोपेश्वर। दशोली विकासखंड के अनसूया गांव के ग्रामीणों ने संतानदायिनी माता अनसूया देवी मंदिर तक सड़क निर्माण की मांग उठाई है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजकर कहा कि पिछले तीन वर्षों से अनसूया गेट (मंडल) से संगूड़ पैदल पुल तक 2.50 किलोमीटर मोटर मार्ग निर्माण की योजना प्रस्तावित है। इसके लिए करीब 44 लाख रुपये का बजट भी स्वीकृत हो चुका है, लेकिन कुछ ग्रामीण काश्तकारों की भूमि संबंधी आपत्तियों के कारण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।
अनसूया मंदिर के पुरोहित जय प्रकाश तिवाड़ी के साथ ही समस्त ग्रामीणों ने कहा कि लोनिवि के अधिकारी ग्रामीणों के बीच सहमति बनाकर शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू करे। पत्र में कहा गया कि करीब 12 वर्ष पूर्व माता अनसूया देवी मोटर मार्ग के उद्देश्य से सिरोली गांव के समीप 30 मीटर आरसीसी पुल का निर्माण किया गया था। वर्तमान में इसकी अनुमानित लागत करीब चार करोड़ रुपये है। ग्रामीणों ने कहा कि पुल का उपयोग मोटर मार्ग के लिए नहीं होने से सरकारी धन का सदुपयोग नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव के बच्चों को पढ़ाई के लिए चार किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। प्रसव पीड़ा के दौरान महिलाओं और बीमार लोगों को भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से सड़क निर्माण की शासन स्तर पर स्वीकृति प्रदान कर कार्य शुरू कराने की मांग की है।

