16 शिकायतों का मौके पर निस्तारण, 184 लाभार्थियों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से किया गया लाभान्वित–
गोपेश्वर। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड परिसर दशोली में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, सुविधाओं और सेवाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया।
शिविर में 189 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न विभागों से संबंधित 16 शिकायतें एवं समस्याएं रखीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। वहीं, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 184 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
कृषि विभाग ने 10 लाभार्थियों को छोटे कृषि यंत्र, उद्यान विभाग ने 25 लाभार्थियों को निशुल्क पौधे वितरित किए। सहकारिता विभाग ने 40 लाभार्थियों को सेवाएं दीं। पशुपालन विभाग ने 20 लाभार्थियों का निशुल्क उपचार कर औषधियां वितरित कीं। होम्योपैथिक विभाग ने 57 और आयुर्वेदिक विभाग ने 36 लाभार्थियों को निशुल्क उपचार एवं औषधि उपलब्ध कराई। ग्राम्य विकास विभाग ने 20 लाभार्थियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी और प्रमाणपत्र संबंधी सेवाएं दीं। श्रम विभाग ने छह लाभार्थियों का पंजीकरण व नवीनीकरण किया।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चंद्रकला तिवाड़ी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष हरक सिंह राणा, ब्लॉक प्रमुख विनिता देवी, बीडीओ भगवान सिंह राणा, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
आज बुराश मैदान मलारी में लगेगा शिविर
सेवा संकल्प अभियान के तहत 30 सितंबर को विकासखंड ज्योतिर्मठ के बुराश मैदान मलारी में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा।

