34 शिकायतों में 14 का मौके पर निस्तारण, 57 ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ–
गोपेश्वर। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड जोशीमठ के सीमांत गांव मलारी में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशासन और विभिन्न विभागों की टीम ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं व सेवाओं की जानकारी दी।
शिविर में कुल 268 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। ग्रामीणों की ओर से 34 शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया। विभिन्न प्रमाण पत्रों के लिए 14 ग्रामीणों के आवेदन भरवाए गए, जबकि 57 ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं का लाभ दिया गया।

विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और ऊनी वस्त्रों के स्टॉल भी लगाए। अधिकारियों ने स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
इस मौके पर जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष प्रेम सिंह राणा, सदस्य नंदी राणा, सुरेंद्र सिंह राणा, एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ, बीडीओ मोहन जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय सिंह लिंगवाल समेत जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
अगला ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर 3अक्तूबर को गैरसैंण ब्लॉक परिसर में आयोजित किया जाएगा।

