पत्नी की मौत के बाद दूसरी महिला के साथ मिला पति, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा; शांति भंग में पुरसाड़ी जेल भेजा
गोपेश्वर, 14 अक्तूबर 2026: ग्वाड़ गांव में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पत्नी की मौत के बाद घर में दूसरी महिला के साथ मिलने पर ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पति को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर पुरसाड़ी कारागार भेज दिया, जबकि पूछताछ के बाद दूसरी महिला को उसके स्वजन के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को कुसमा देवी का शव घर में रस्सी से लटका मिला था। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतका की बहन ने उसके पति विक्रम लाल पर हत्या का आरोप लगाया था।
मंगलवार रात मृतका के बच्चों ने ग्रामीणों और ग्राम प्रधान को सूचना दी कि उनके पिता घर के एक कमरे में दूसरी महिला के साथ हैं। इस पर ग्रामीणों ने कमरा बंद कर पुलिस को बुलाया। पुलिस को वहां गांव के समीप रहने वाली एक विधवा महिला मिली। बुधवार को गांव की महिलाओं ने गोपेश्वर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने बताया कि विक्रम लाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। फिलहाल उसे शांति भंग के आरोप में जेल भेजा गया है। मामले की जांच जारी है।

