जिले में 800 काश्तकार 62 हेक्टेयर भूमि पर कर रहे कीवी का उत्पादन–
गोपेश्वर। उत्तराखंड के सीमांत चमोली जनपद में उत्पादित 200 क्विंटल कीवी लेकर वाहन बृहस्पतिवार को दिल्ली की आजादपुर मंडी के लिए रवाना हुआ। सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कीवी को बड़े बाजार तक पहुंचाने की इस पहल से काश्तकारों को विपणन के नए अवसर मिलेंगे। जिले में कीवी मिशन के तहत 800 काश्तकार करीब 62 हेक्टेयर भूमि पर इसका उत्पादन कर रहे हैं। इस वर्ष जिले में 500 क्विंटल से अधिक कीवी का उत्पादन हुआ है।
सीडीओ ने बताया कि उद्यान विभाग के माध्यम से काश्तकारों को तकनीकी सहयोग और पैकेजिंग सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्य उद्यान अधिकारी नितेंद्र सिंह ने बताया कि पहली बार जिले से 200 क्विंटल कीवी दिल्ली भेजी जा रही है। इससे काश्तकारों को बड़े बाजार में खरीदारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
वर्ष 2026-27 में 60 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि पर कीवी उत्पादन और 400 नए काश्तकारों को इससे जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इस मौके पर विभागीयअधिकारी मौजूद रहे।

