पुलिस-एसडीआरएफ ने कंधों पर उठाकर पहुंचाया सुरक्षित–
गोपेश्वर। हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण कर लौट रहे विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) के अधिकारी की दुर्गम रास्ते में अचानक तबीयत बिगड़ गई। चलने में असमर्थ होने पर चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने उन्हें कंधों पर उठाकर सुरक्षित पांडुकेश्वर पहुंचाया। अधिकारी की स्थिति अब सामान्य है।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर की रात करीब सात बजे पुलिस कंट्रोल रूम गोपेश्वर को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि कुछ लोग एक नवंबर को पांडुकेश्वर के रास्ते हेलीकॉप्टर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण करने गए थे। लौटते समय उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई है और वह चलने में असमर्थ है।
सूचना पर गोविंदघाट पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचित कर रेस्क्यू के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंची टीम को पता चला कि बीमार व्यक्ति AAIB के अधिकारी दिनेश डांगी हैं। दुर्गम रास्ते और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण पुलिस व एसडीआरएफ के जवानों ने उन्हें कंधों पर उठाकर सुरक्षित पांडुकेश्वर पहुंचाया। टीम की तत्परता से अधिकारी को समय पर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सका।

