वन टाइम सेटलमेंट और समान वेतन की मांग को लेकर अस्थाई कर्मचारियों का चौथे दिन भी धरना जारी–
बदरीनाथ, 17 अक्टूबर, 2026: बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का वन टाइम सेटलमेंट और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर धरना जारी है। चौथे दिन भी कर्मचारियों ने बदरीनाथ मंदिर के सिंहद्वार के सामने धरना दिया। शनिवार को धरना स्थल पर बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ वार्ता के लिए पहुंचे।
उन्होंने कर्मचारियों को मुख्यमंत्री के साथ हुई वार्ता, शासन स्तर पर चल रही कार्रवाई और बीकेटीसी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित विभिन्न कार्यालयों में धरने पर बैठे कर्मचारियों को भी स्थिति से अवगत कराया। केदारनाथ धाम के कर्मचारियों से ऑनलाइन वार्ता भी की गई। मगर कर्मचारी लिखित आश्वासन देने पर अड़े रहे। उन्होंने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
श्री बदरीश पंडा पंचायत के अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, उपाध्यक्ष सुधाकर बाबुलकर, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित अशोक टोडरिया, श्री डिमरी धार्मिक केंद्रीय पंचायत के अध्यक्ष आशुतोष डिमरी और महामंत्री भगवती प्रसाद डिमरी ने धरना स्थल पर पहुंचकर अस्थायी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
बदरीनाथ में कर्मचारियों के साथ श्री बदरीनाथ पंडा पंचायत उपाध्यक्ष सुधाकर बाबुलकर तथा वरिष्ठ पदाधिकारी अशोक टोडरिया सहित सीता माई चांई भी धरने पर बैठकर समर्थन दिया वही बीकेटीसी के पूर्व सदस्य तथा दंडी स्वामी बन चुके दिवाकर चमोली ने भी कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। बीकेटीसी के ज्योर्तिमठ, उखीमठ, कालीमठ तुंगनाथ, ऋषिकेश से भी कर्मचारियों द्वारा धरना दिये जाने का समाचार है। संगठन उपाध्यक्ष आशीष कोटियाल, सचिव गौरव पचंभैया, सह-सचिव राकेश कर्नाटक, सदस्य मिथलेश ध्यानी आदि ने धरना दिया।

