अक्षत नाट्य संस्था के कलाकार लोकगीतों और नाटकों के जरिए ग्रामीणों को कर रहे जागरूक–
गोपेश्वर/देवाल। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग उत्तराखंड के तत्वावधान में अक्षत नाट्य संस्था की ओर से देवाल विकासखंड के सुदूरवर्ती गांवों में नुक्कड़ नाटकों और पारंपरिक जनगीतों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। संस्था की टीम पिछले दस दिनों से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अभियान चला रही है।
संस्था के प्रबंधक सुनील नाथन ने बताया कि टीम अब तक वाण, बांक, ल्वाणी, देवसारी, धरातल्ला, फलदिया और नंदकेशरी सहित कई गांवों में कार्यक्रम प्रस्तुत कर चुकी है। स्थानीय बोली, लोकगीतों और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वास्थ्य, कृषि और शिक्षा से जुड़ी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि मनोरंजन के साथ जनजागरूकता के इस प्रयास को ग्रामीणों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संस्था की टीम का यह अभियान आगे भी दुर्गम गांवों में जारी रहेगा।

