कपाट बंद होने में चंद दिन शेष, यात्रियों की संख्या 22 लाख के पार पहुंचने की उम्मीद–
बदरीनाथ। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर बदरीनाथ मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। फूलों से सजे मंदिर की छटा देखते ही बन रही है। बदरीनाथ धाम में इन दिनों खासी रौनक बनी हुई है। कार्तिक मास के चलते धाम में श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ी हुई है। बताया जा रहा है कि किसी श्रद्धालु के सहयोग से मंदिर को फूलों से सजाया गया है।
वहीं, बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 21 लाख के पार पहुंच गई है। शनिवार तक कुल 21 लाख छह हजार 837 श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर चुके हैं। धाम के कपाट बंद होने में अब चंद दिन शेष रह गए हैं। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। यदि यात्रियों की संख्या में इसी तरह बढ़ोतरी होती रही तो इस वर्ष बदरीनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा आसानी से 22 लाख के पार पहुंच सकता है।

