छात्रावास भवन निर्माण का दिया आश्वासन, पहली बार विद्यालय के निरीक्षण पर पहुंचे कोई सीईओ–
गोपेश्वर। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बुधवार को श्रीनंदा देवी संस्कृत उत्तरमध्यमा विद्यालय कमेड़ा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर और अर्धवार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वर्ष 2016 में मंदिर समिति ने विद्यालय को गोद लिया था। इसके बाद पहली बार किसी सीईओ ने विद्यालय का निरीक्षण किया।
प्रधानाचार्य हरीश तोपवाल ने बताया कि वर्ष 2018 से 2022 तक विद्यालय में आवासीय छात्रावास संचालित था, लेकिन भवन के अभाव में इसे बंद करना पड़ा। उन्होंने छात्रावास भवन निर्माण की मांग की। मुख्य कार्याधिकारी रांगड़ ने शीघ्र छात्रावास निर्माण का आश्वासन देते हुए विद्यालय को पूर्व की भांति संचालित करने की बात कही। इस मौके पर विधि अधिकारी एमएस बर्त्वाल, लिपिक विनोद पुरोहित, शिक्षक और कार्यालय सहायक मौजूद रहे।

